मंगलवार को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो और महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक मंत्री अमित देशमुख ने द्वीप प्रज्वलित कर 16वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। ये फिल्म फेस्टिवल 3 फरवरी तक चलेगा। इसमें डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्में और एनिमेशन फिल्म दिखाई जाएंगी। इस महोत्सव को खास बनाने के लिए मंत्रालय ने इस बार वी शांताराम पुरस्कार के अलावा कई नई श्रेणियों में भी पुरस्कार शुरू किए हैं। ये पुरस्कार तीन फरवरी को दिए जाएंगे।
समारोह में इस बार 729 भारतीय के अलावा 24 देशों की 144 फिल्में दिखाई जानी हैं। इसमें विशेष रूप से यूरोपियन संघ की फिल्में शामिल हैं। समारोह में रूस की एनिमेशन फिल्में, फिनलैंड और बुल्गारिया की ऑस्कर नामांकित 'फाउवे', कनाडा की लघु फिल्म 'फयूवा', कनाडा की 'डिटेंनमेंट' और फ्रांस की 'रात को बगीचे में' शॉर्ट फिल्म दिखाई जाएगी।