सीएए के विरोध में मुंबई में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन, पुणे में 250 से ज्यादा लोग हिरासत में

महाराष्ट्र में बहुजन क्रांति मोर्चा की ओर से बुधवार को एनआरसी, सीएए, एनपीआर के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया गया। इसमें 20 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांजुरमार्ग रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन किया। इससे लोकल ट्रेन को करीब 10 मिनट की देरी से स्टेशन से रवाना हो सकी। इस दौरान प्रदर्शनकारी और आम लोगों के बीच हल्की झड़प भी हुई। 


पुणे के गोलीबार मैदान में भी सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भीड़ सड़क पर उतरी तो पुलिस ने 250 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वहीं, मुंबई से सटे पालघर में बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जबरन दुकानों को बंद करवाने का प्रयास किया। इसमें व्यापारियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई। पुलिसवालों ने बीच बचाव करते हुए टकराव रोका। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया।


प्रदर्शन के मद्देनजर लोकल ट्रेनों को फिलहाल कांजुरमार्ग रेलवे स्टेशन तक ही चलाया जा रहा है। सुबह का समय मुंबई में लोकल ट्रेनों का पीक आवर्स होता है। इस दौरान ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने वाले सबसे ज्यादा इनमें यात्रा करते हैं। इस प्रदर्शन को लेकर लोगों का गुस्सा भी ट्विटर पर निकला है।