बादलपुर गांव में तेजस्विनी क्लब गठित

नारायणपुर (जामताड़ा) : शनिवार को नारायणपुर प्रखंड के बादलपुर गांव में तेजस्विनी क्लब का गठन किया गया। इस अवसर पर को-ऑर्डिनेटर पप्पू कुमार पोदार व सहादत अली ने गांव की 14 से 24 वर्ष की किशोरियों व महिलाओं को तेजस्विनी क्लब में शामिल किया। जानकारी देते हुए को-ऑर्डिनेटर ने बताया कि तेजस्वी क्लब से जुड़कर महिलाएं शिक्षित व आर्थिक रूप से सशक्त होंगी। देश की आधी आबादी को शिक्षा देकर उनका कौशल विकास करके आगे लाने की योजना है ताकि किशोरियां व महिलाएं रोजगार कर स्वावलंबन की ओर कदम बढ़ा सकें। कहा कि बारी-बारी से अन्य स्थानों पर भी तेजस्विनी क्लब का गठन किया जाएगा। तेजस्वी क्लब से जुड़कर किशोरी व महिलाएं शिक्षा के साथ-साथ सिलाई, कढ़ाई समेत अन्य कार्यो का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार कर सकती हैं। जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी तभी देश आगे बढ़ेगा। इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर गांव की कई महिलाएं उपस्थित थीं।